जबलपुर
गरबा आयोजन में एंट्री को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला लात-घूंसों और हंगामे तक पहुंच गया। आयोजकों ने बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ताओं पर चाकू लेकर आयोजन स्थल में घुसने और महिला-बच्चों के साथ मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। वहीं विवाद की शुरुआत पास को लेकर हुई बताई जा रही है। घटना के बाद आयोजन स्थल पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्रवेश के लिए पास की व्यवस्था की गई थी
बताया गया कि गरबा कार्यक्रम में प्रवेश के लिए पास की व्यवस्था की गई थी। इसी दौरान कुछ लोग आयोजन स्थल पर पहुंचे और अंदर जाने की मांग की।
कुछ कार्यकर्ता जबरन अंदर जाने लगे
आयोजकों के मुताबिक पास नहीं होने के कारण उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद कुछ कार्यकर्ता जबरन अंदर जाने लगे और वहां मौजूद लोगों से धक्का-मुक्की करने लगे।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के पास चाकू भी थे
आयोजकों का आरोप है कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के पास चाकू भी थे। उन्होंने महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट किए जाने का दावा किया है। देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। हंगामा बढ़ने पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों में भी भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
प्रवेश के लिए पहले से नियम तय किए गए थे
आयोजकों का कहना है कि गरबा आयोजन में प्रवेश के लिए पहले से नियम तय किए गए थे और उन्हीं के आधार पर लोगों को अंदर जाने दिया जा रहा था। उनका आरोप है कि पास नहीं मिलने पर कुछ लोगों ने जानबूझकर विवाद खड़ा किया और आयोजन को बाधित करने की कोशिश की।












