* बारिश के चलते कानपुर से लखनऊ शिफ्ट हुआ प्लेऑफ चरण, चार टीमें खिताब की दौड़ में

TIL Desk लखनऊ/कानपुर:👉यूपी टी20 लीग के चौथे संस्करण का रोमांच अब निर्णायक दौर में पहुंच गया है। लीग चरण की समाप्ति के साथ प्लेऑफ की चार टीमें तय हो चुकी हैं और अब खिताब की जंग लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होगी। कानपुर में लगातार बारिश और मैदान की परिस्थितियों को देखते हुए लीग प्रबंधन ने प्लेऑफ के सभी मुकाबलों को लखनऊ स्थानांतरित कर दिया है।

गुरुवार को इकाना स्टेडियम में प्लेऑफ के पहले दिन दो महत्वपूर्ण मुकाबले खेले जाएंगे। दोपहर 3 बजे क्वालिफायर-1 में लीग चरण की शीर्ष दो टीमें मेरठ मावेरिक्स और लखनऊ फाल्कन्स आमने-सामने होंगी। इसके बाद शाम 7:30 बजे एलिमिनेटर मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्राक्स का सामना नोएडा किंग्स से होगा।

लीग चरण में मेरठ मावेरिक्स ने 15 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि लखनऊ फाल्कन्स 13 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। काशी रुद्राक्स और नोएडा किंग्स ने 10-10 अंकों के साथ क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर रहते हुए अंतिम चार में जगह बनाई।

क्वालिफायर-1 का मुकाबला दोनों टीमों के लिए सीधे फाइनल में पहुंचने का अवसर होगा। मेरठ और लखनऊ के बीच होने वाले इस मुकाबले की विजेता टीम सीधे 6 सितंबर को होने वाले फाइनल में प्रवेश करेगी, जबकि हारने वाली टीम को क्वालिफायर-2 के जरिए खिताबी मुकाबले में पहुंचने का दूसरा मौका मिलेगा। घरेलू मैदान पर खेल रही लखनऊ फाल्कन्स निश्चित रूप से इकाना की परिस्थितियों का लाभ उठाने की कोशिश करेगी।

वहीं, दिन के दूसरे मुकाबले में काशी रुद्राक्स और नोएडा किंग्स के बीच मुकाबला पूरी तरह ‘करो या मरो’ का होगा। एलिमिनेटर में हारने वाली टीम का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो जाएगा, जबकि विजेता टीम 4 सितंबर को क्वालिफायर-2 में उतरेगी।

काशी रुद्राक्स ने लीग चरण के अपने अंतिम और अहम मुकाबले में टेबल टॉपर मेरठ मावेरिक्स को 56 रनों से हराकर प्लेऑफ में शानदार अंदाज में प्रवेश किया है। उस मुकाबले में कप्तान करण शर्मा ने 57 रन बनाए, जबकि उपेंद्र यादव ने नाबाद 57 रनों की विस्फोटक पारी खेली। गेंदबाजी में कार्तिक यादव ने 12 रन देकर तीन विकेट लेकर मेरठ की बल्लेबाजी को झकझोर दिया और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

अब लीग चरण के आंकड़े पीछे छूट चुके हैं और इकाना में हर मुकाबला टीमों के लिए निर्णायक साबित होगा। 3 सितंबर को क्वालिफायर-1 और एलिमिनेटर के बाद 4 सितंबर को क्वालिफायर-2 खेला जाएगा, जबकि 6 सितंबर की शाम यूपी टी20 लीग 2026 के नए चैंपियन का फैसला होगा।

UPT20 लीग 2026: प्लेऑफ कार्यक्रम

3 सितंबर, गुरुवार
क्वालिफायर-1: मेरठ मावेरिक्स बनाम लखनऊ फाल्कन्स — दोपहर 3:00 बजे
एलिमिनेटर: काशी रुद्राक्स बनाम नोएडा किंग्स — शाम 7:30 बजे

4 सितंबर, शुक्रवार
क्वालिफायर-2: क्वालिफायर-1 की हारने वाली टीम बनाम एलिमिनेटर की विजेता — शाम 7:30 बजे

6 सितंबर, रविवार
फाइनल: क्वालिफायर-1 की विजेता बनाम क्वालिफायर-2 की विजेता — शाम 7:30 बजे