* गेम होस्ट करते हुए अनिल कपूर ने सुनाया जवानी के दिनों का मजेदार किस्सा, बताया कैसे दोस्तों के साथ बिना बुलाए शादियों में पहुंच जाते थे अभिनेता
TIL Desk Entertainment:👉अनिल कपूर आज रात स्टार प्लस के ‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ के ग्रैंड प्रीमियर के साथ टेलीविजन पर धमाकेदार आगाज करने के लिए तैयार हैं। इस गेम शो में 100 प्रतियोगी अपनी सूझबूझ, बारीक नजर और रोजमर्रा की समझ के दम पर टॉप 1% में जगह बनाने और 1 करोड़ रुपये तक जीतने के लिए खेलेंगे।
हालांकि, इस खेल का रोमांच केवल मंच पर मौजूद प्रतियोगियों तक सीमित नहीं रहेगा। जियोहॉटस्टार के ‘प्ले अलॉन्ग’ फीचर के जरिए दर्शक भी घर बैठे रियल टाइम में सवालों के जवाब दे सकेंगे और खेल का हिस्सा बन पाएंगे। इतना ही नहीं, उनके पास स्मार्टफोन और स्मार्ट टीवी जैसे शानदार इनाम जीतने का मौका भी होगा।
शो के दौरान अपने तिलक नगर के दिनों को याद करते हुए अनिल कपूर ने एक मजेदार किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया, “हम चेंबूर के तिलक नगर में रहते थे, जहां छोटी-बड़ी कई शादियां होती रहती थीं। मैं और मेरे दोस्त मिलकर उन शादियों में पहुंच जाते थे। मुफ्त की चीज किसे पसंद नहीं होती? चाहे कोई तोहफा हो या खाना, अगर कुछ मुफ्त मिल रहा हो तो लोग कहीं भी पहुंच जाते हैं!”
उन्होंने आगे कहा, “मैं तो वहां सिर्फ गोल्ड स्पॉट और मैंगोला पीने जाता था। हम ‘हैलो, हैलो, कैसे हैं आप?’ कहते हुए अंदर घुसते और सीधे काउंटर पर पहुंच जाते थे। वहां हम गोल्ड स्पॉट और मैंगोला की 11 से 12 बोतलें पी जाते थे। आपने वह कहावत तो सुनी ही होगी, ‘बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना।’ लेकिन असल में इसे होना चाहिए, ‘बेगानी शादी में अनिल कपूर दीवाना!"
आज रात 8 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर देखिए ‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ का ग्रैंड प्रीमियर।e














