TIL Desk नई दिल्ली/दोहा :👉 भारतीय क्रिकेट के 15 वर्षीय उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने मंगलवार को एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में यूएई (UAE) के खिलाफ ऐतिहासिक पारी खेलकर क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया। महज 52 गेंदों में दोहरा शतक जड़ने वाले इस युवा बल्लेबाज ने अपनी इस रिकॉर्डतोड़ सफलता का श्रेय पूर्व भारतीय दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह को दिया है। वैभव ने खुलासा किया कि मैच से एक दिन पहले युवराज के साथ हुई आधे घंटे की बातचीत ने उनकी बल्लेबाजी की खामियों को दूर करने में संजीवनी का काम किया।

खराब फॉर्म से परेशान थे वैभव
भारत-ए के लिए खेलते हुए वैभव ने यूएई के खिलाफ 250 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मात्र 53 गेंदों में 204 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 28 गगनचुंबी छक्के और 7 चौके शामिल थे। इस धमाकेदार पारी के बाद BCCI द्वारा जारी एक वीडियो में वैभव ने बताया कि वह पिछले कुछ मैचों में रन न बना पाने के कारण मानसिक रूप से काफी परेशान थे। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट के शुरुआती दो मुकाबलों और उससे पहले घरेलू क्रिकेट (सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी) में औसत प्रदर्शन के चलते उनका ध्यान भटकने लगा था।

आदर्श युवराज से साझा की दिल की बात
अपनी उलझन को सुलझाने के लिए वैभव ने मैच से एक दिन पहले चार खास लोगों—अपने पिता, बचपन के कोच मनीष ओझा, अंडर-19 के साथी खिलाड़ी प्रथम और अपने आदर्श युवराज सिंह से फोन पर बात की। वैभव ने बताया, "मैंने युवराज सर से लगभग आधे घंटे तक फोन पर बात की और बिना किसी झिझक के अपनी सारी समस्याएं उनके सामने रख दीं। मैंने उन्हें बताया कि क्रीज पर बल्लेबाजी करते समय मुझे किन दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।"

युवराज का गुरुमंत्र आया काम
वैभव के मुताबिक, युवराज ने बड़े धैर्य के साथ उनकी बात सुनी और बल्लेबाजी से जुड़ी कई बारीक तकनीकी खामियों की ओर इशारा किया। युवी ने वैभव को आत्मविश्वास देते हुए कहा था कि यदि वह क्रीज पर शुरुआती 20 गेंदें संभलकर खेल लेते हैं, तो मैच का स्कोरबोर्ड पूरी तरह बदल जाएगा। इस बातचीत के बाद वैभव ने अपनी पिछली पारियों के वीडियो भी देखे, जिससे उन्हें अपनी गलतियों का अहसास हुआ।

मैदान पर दिखा असर
अगले दिन मैदान पर उतरते ही वैभव ने युवराज के मंत्र पर अमल किया। उन्होंने शुरुआत में कुछ गेंदों को परखा और जब उन्हें लगा कि पिच बल्लेबाजी के अनुकूल है, तो उन्होंने अपना स्वाभाविक आक्रामक खेल दिखाया। वैभव ने महज 28 गेंदों में शतक और 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा कर लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज दोहरा शतक अपने नाम कर लिया। उनकी इस करिश्माई पारी की बदौलत भारत-ए ने सात विकेट से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।