TIL Desk शेनझेन (चीन):👉चीन के प्रमुख तकनीकी शहर शेनझेन में आयोजित एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन 2026 के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने क्षेत्र में अपनी बढ़ती आर्थिक भूमिका को प्रमुखता से रेखांकित किया है। गुरुवार को सम्मेलन के पूर्ण सत्र को संबोधित करते हुए जिनपिंग ने कहा कि चीन एशिया-प्रशांत क्षेत्र में आर्थिक साझेदारी को बढ़ावा देने वाला एक मुख्य चालक और नेतृत्वकर्ता है। वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच उन्होंने सदस्य देशों से आपसी मतभेद भुलाकर मुक्त व्यापार और समावेशी विकास को अपनाने की अपील की।
मुक्त व्यापार और मजबूत सप्लाई चेन पर दिया जोर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत दुनिया के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी वाले इस मंच से शी जिनपिंग ने व्यापारिक बाधाओं को कम करने की वकालत की। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र की समृद्धि के लिए बंद और बिखरे हुए ढांचे के बजाय खुला और समावेशी सहयोग जरूरी है। चीनी राष्ट्रपति ने एशिया-प्रशांत मुक्त व्यापार क्षेत्र के निर्माण की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने, डिजिटल अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने और वैश्विक सप्लाई चेन को स्थिर व सुगम बनाए रखने को समय की सबसे बड़ी जरूरत बताया।
2 करोड़ डॉलर की सहायता और नए शोध केंद्र का ऐलान
एशिया-प्रशांत समुदाय के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए शी जिनपिंग ने दो बड़ी घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि चीन एपेक के भीतर व्यावहारिक सहयोग और विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए 2 करोड़ अमेरिकी डॉलर (20 मिलियन डॉलर) की वित्तीय सहायता प्रदान करेगा। इसके अलावा, उन्होंने शेनझेन में 'एशिया-प्रशांत कम्युनिटी रिसर्च सेंटर' स्थापित करने का भी ऐलान किया, जो क्षेत्रीय नीतियों पर शोध और विचारों के आदान-प्रदान के लिए एक साझा मंच के रूप में काम करेगा।
विकास के चार प्रमुख स्तंभों का रखा खाका
अपने संबोधन के दौरान जिनपिंग ने एपेक के भविष्य के विकास के लिए चार प्रमुख स्तंभों को मजबूत करने का सुझाव दिया। इनमें आर्थिक व व्यापारिक सुधार, बुनियादी ढांचे की कनेक्टिविटी, तकनीकी नवाचार (इनोवेशन) और समावेशी विकास शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हर देश की विकास संबंधी प्राथमिकताएं अलग हो सकती हैं, लेकिन सभी का लक्ष्य ऐसा होना चाहिए जिससे तरक्की का लाभ समाज के हर वर्ग तक समान रूप से पहुंच सके।













