Delhi-NCR, State, हिंदी न्यूज़

आतंकवाद के बजाय आप को ख़त्म करना चाहते है ; मोदी

आतंकवाद के बजाय आप को ख़त्म करना चाहते है ; मोदी

नईदिल्ली डेस्क/ आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता संजय सिंह ने केन्द्र की मोदी सरकार पर करारा हमला बोला| संजय सिंह ने आरोप लगाया कि आतंकवाद और नक्सलवाद के बजाय केन्द्र सरकार ‘आप’ को खत्म करना चाहती है| इसलिए विदेशी चंदे के नाम पर केन्द्र आम आदमी पार्टी का उत्पीड़न कर रहा है| संजय सिंह ने कहा कि कल केन्द्र सरकार ने विदेशी चंदे को लेकर कानून के उल्लंघन के संदेह पर ‘आप’ को एक नोटिस भेजा है, जबकि इसी सरकार के गृह मंत्रालय ने साल 2015 में अदालत में एक शपथपत्र दाखिल करके कहा था कि विदेशी चंदे के मामले में ‘आप’ का रिकॉर्ड बेदाग है |

संजय सिंह के मुताबिक सच्चाई यह है कि वेदांता से नियमविरुद्ध तरीके से चंदा लेने के मामले में खुद बीजेपी और कांग्रेस के दामन दागदार हैं, मगर वे दोनों कानून को बदलकर बच निकलीं| उन्होंने कहा कि कश्मीर आतंकवाद से और छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से परेशान है लेकिन केन्द्र की प्राथमिकता इन दोनों को खत्म करने के बजाय ‘आप’ का खात्मा करने की है| आपको बता दें कि केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को शुक्रवार को एक नोटिस जारी करके कहा था कि वह खुद को मिले विदेशी चंदे का डिटेल पेश करे| केन्द्र को शक है कि आप ने विदेशी चंदा हासिल करने के लिये नियमों का उल्लंघन किया है|

सिंह ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की बदहाली की पराकाष्ठा होने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस मामले में राज्य की बीजेपी सरकार पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार की ‘पार्ट-टू’ की तरह काम कर रही है| पिछली ही सरकार की तरह टोल प्लाजा पर बीजेपी विधायक मारपीट कर रहे हैं| पुलिस पर हमले हो रहे हैं|

सिंह ने बताया कि प्रदेश के ज्यादातर नगर निगमों और नगर पालिकाओं पर बीजेपी का शासन है और उसने इन निकायों को भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया है| ‘आप’ ने लखनऊ नगर निगम में करोड़ों रुपये के घोटाले उजागर किये हैं| ऐसे लगभग सभी शासी निकायों में यही हाल है| ‘आप’ इसे मुद्दा बनाएगी| उन्होंने बताया कि पार्टी स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर जल्द ही ‘घोषणापत्र’ जारी करेगी|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *