यूपी डेस्क/ प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का नाम लेते हुए कहा कि सपा परिवार को उत्तर प्रदेश कंट्रोल ऑफ आर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (यूपीकोका) से घबराने की जरूरत नहीं है। यूपीकोका प्रदेश में संगठित अपराध करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए लाया गया है। भले ही वे भूमाफिया, नकल माफिया अथवा खनन माफिया हों। उपमुख्यमंत्री कानपुर के सिविल लाइंस स्थित मर्चेंट चैंबर सभागार में नवनिर्वाचित पार्षदों के सम्मान में आयोजित अटल अलंकरण समारोह में बोल रहे थे।
उप मुख्यमंत्री का यह कटाक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के उस बयान पर आया जिसमें उन्होंने यूपीकोका को प्रदेश की जनता के साथ धोखा करार दिया था। उपमुख्यमंत्री ने कहाकि किसी भी तरह का अपराध यदि एकजुट होकर किया जाता पाया गया तो यह कानूून उन्हें छोड़ेगा नहीं। भाजपा किसी राजनीतिक लाभ के लिए इस कानून का इस्तेमाल नहीं करेगी। भाजपा की ऐसी फितरत नहीं रही है। अखिलेश बिना वजह इस कानून से भयभीत हैं। उन्होंने कहाकि प्रदेश के किसानों के हितों के लिए सरकार गंभीर है। फसल का उचित मूल्य मिले, इसके लिए कड़ी निगरानी करवाई जा रही है। इस दौरान उन्होंने नवनिर्वाचित पार्षदों और कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाया।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने नवनिर्वाचित महापौर प्रमिला पांडेय और पार्षदों से कहाकि कानपुर के लिए यह स्वर्णिम काल है। शहर से लेकर केंद्र तक भाजपा की सरकार है। इस शहर के विकास कार्यों के लिए बजट की कमी नहीं आने दी जाएगी। शहर का जो रुतबा कुछ दशक पहले था, आने वाले वर्षोें में उससे कहीं अधिक ऊंचा होगा। बिल्हौर के पत्रकार नवीन गुप्ता की हत्या का खुलासा न होने के सवाल पर उन्होंने भरोसा दिया कि इस पर मुख्यमंत्री तक गंभीर हैं। पुलिस को सही खुलासे का टास्क दिया गया है। इस पर काम हो रहा है। जल्द ही हत्यारोपी सामने होंगे।