State, Uttar Pradesh, हिंदी न्यूज़

ईद से पहले अग्नि पीड़ितों को मिली राहत की रोशनी, अग्नि पीड़ित परिवारों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

ईद से पहले अग्नि पीड़ितों को मिली राहत की रोशनी, अग्नि पीड़ित परिवारों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
  • पीस एजुकेशन चैरिटेबल ट्रस्ट हमेशा गरीबों,यतीमों और बेसहारा लोगों की मदद करती रहेगी: मुर्तजा अली

TIL Desk लखनऊ:👉ईद उल अजहा की खुशियां उस समय और भी मायने रखने लगीं, जब मुसीबत में घिरे अग्नि पीड़ित परिवारों के बीच इंसानियत ने मदद का हाथ बढ़ाया। विकास नगर क्षेत्र में आग की त्रासदी झेल चुके गरीब परिवारों को ईद से पहले राहत पहुंचाने के लिए पीस एजुकेशन चैरिटेबल ट्रस्ट, टीम लखनऊ व मस्जिद अज़हर अली के तत्वाधान में राशन किट वितरित की गईं।

कार्यक्रम का आयोजन इंसाफ नगर स्थित ट्रस्ट कार्यालय, 114 से किया गया।अग्निकांड में कई परिवारों का घर-गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया था। त्योहार की तैयारियों के बीच आई इस मुसीबत ने उनके चेहरों से मुस्कान छीन ली थी। ऐसे में ट्रस्ट की ओर से मिली मदद ने उनके दिलों में फिर उम्मीद की लौ जगा दी। राशन किट पाकर महिलाओं और बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

कार्यक्रम के दौरान एक मार्मिक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब आग में अपनी सिलाई मशीन गंवा चुकी एक बच्ची को ट्रस्ट की ओर से नई सिलाई मशीन भेंट की गई। मशीन पाकर बच्ची की आंखें नम हो गईं। अब वह दोबारा अपने हुनर के सहारे जीवन को नई शुरुआत दे सकेगी। वहीं एक जरूरतमंद बच्चे को पढ़ाई के लिए कोर्स की किताबें भी उपलब्ध कराई गईं, ताकि आर्थिक तंगी उसकी शिक्षा के रास्ते में रुकावट न बन सके।

इस अवसर पर टीम लखनऊ के संस्थापक सदस्य अब्दुल वहीद, जुबैर अहमद, मस्जिद अज़हर अली के सदर खालिद इस्लाम, उमर खालिद, ट्रस्ट के अध्यक्ष मुर्तज़ा अली, ताबीर अली, हलीमा अज़ीज़, मोहम्मद कैफ, फहद, अफज़ल अहमद, आमिर मुख्तार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

ट्रस्ट के अध्यक्ष मुर्तज़ा अली ने कहा कि पीस एजुकेशन चैरिटेबल ट्रस्ट हमेशा गरीबों, यतीमों और बेसहारा लोगों की खिदमत के लिए समर्पित रहा है। ट्रस्ट शिक्षा के क्षेत्र में भी लगातार जागरूकता कार्यक्रम चला रहा है, ताकि समाज के कमजोर तबके के बच्चों को बेहतर तालीम मिल सके। उन्होंने कहा कि आगे भी जरूरतमंदों की मदद के ऐसे सेवा कार्य लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *