TIL Desk लखनऊ:
वीरांगना महारानी अवंती बाई की जयंती | सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किया माल्यार्पण | समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने अवंतीबाई लोधी की जयंती पर उन्हें याद किया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अवंतीबाई ने आजादी की लड़ाई में अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया था। उन्होंने दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया था। आज का दिन अवंतीबाई को याद करने का दिन है। वो लाखों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत रही हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को अवंतीबाई लोधी का सम्मान करना चाहिए। मौजूदा सरकार को अवंतीबाई का सम्मान बढ़ाने की दिशा में काम करना चाहिए। हमें किसी भी कीमत पर उन महापुरुषों को नहीं भूलना है, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण की दिशा में अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया था। आज हम उन्हीं महापुरुषों के बलिदान और योगदान की वजह से इस खुली हवा में सांस ले रहे हैं।
इसके अलावा, उन्होंने चुनाव आयोग को लेकर भी अपनी बात रखी और कहा कि पिछले कुछ समय से आयोग की कार्यशैली को लेकर लोगों में अविश्वास का माहौल पैदा हुआ है। चुनाव आयोग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सभी चुनाव निष्पक्ष तरीके से संपन्न हों। किसी भी चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश नहीं की जाए, क्योंकि जब कभी-भी किसी बाहरी शक्ति की तरफ से चुनाव प्रणाली को प्रभावित करने की कोशिश की जाती है, तो इससे लोगों में अविश्वास का माहौल पैदा होता है।
साथ ही, उन्होंने कथित वोट चोरी का भी जिक्र किया और कहा कि अब सुप्रीम कोर्ट को भी विपक्ष की बातों को मानना पड़ा है। इसके पीछे की वजह यह है कि इलेक्शन कमीशन पर एक बार नहीं, बल्कि कई बार उंगली उठी है और उत्तर प्रदेश के चुनाव में कई बार ऐसा हुआ है। जब 18 हजार मतदाताओं का नाम काटा गया, तो हमने इसकी चुनाव आयोग को जानकारी दी थी। लेकिन, अभी तक आयोग की तरफ से अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है। ईवीएम पर हमेशा से ही सवाल उठते रहे हैं। ईवीएम पर अब बिल्कुल भी विश्वास नहीं किया जा सकता है। ये लोग ऐसा करके राजनीतिक माहौल को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रहे हैं।
