State, uttarakhand, हिंदी न्यूज़

सीएम धामी ने नैनीताल सड़क हादसे पर जताया दुख, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना

सीएम धामी ने नैनीताल सड़क हादसे पर जताया दुख, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना

TIL Desk देहरादून:👉 उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल में हुए दर्दनाक सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। दुर्घटना में जान गंवाने वालों के प्रति शोक जताते हुए उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, “नैनीताल जनपद में वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

स्थानीय प्रशासन एवं एसडीआरएफ द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है। ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।” गुरुवार को नैनीताल के भवाली बाईपास मार्ग पर सेनिटोरियम के पास एक बड़ी दुर्घटना उस वक्त हुई जब कार सवार कुछ लोग इस रास्ते से होते हुए होटल जा रहे थे। इसी दौरान, कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भयावह था कि एक ही परिवार के चार सदस्यों और कार के ड्राइवर की मौके पर मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि परिवार के लोग नैनीताल और अन्य जगहों पर घूमने के लिए आया था। दूसरी ओर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और एसएसबी टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और शवों को खाई से निकालकर भवाली अस्पताल भेज दिया। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरी कार्रवाई होने के बाद इसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा। नैनीताल सीओ रविकांत सेमवाल ने घटना के बारे में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि प्रथम दृष्टि से यह लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला लग रहा है। हालांकि, जब जांच होगी तब सारी चीजें स्पष्ट हो जाएंगी।
उन्होंने बताया कि कार यूपी के लखनऊ की है। ड्राइवर की पहचान नहीं हो पाई है। कार सवार लोगों की पहचान हुई है और आगे जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *