Crime, State, Uttar Pradesh, हिंदी न्यूज़

कफ सिरप की तस्करी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय की कई शहरों में छापेमारी

TIL Desk लखनऊ:👉उत्तर प्रदेश में कोडीन आधारित कफ सिरप की अवैध तस्करी पर प्रहार करते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को छह शहरों में एक साथ छापेमारी की कार्रवाई शुरू की। मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत की गई इस कार्रवाई में एजेंसी ने कुल 25 ठिकानों पर तलाशी ली और कई अहम दस्तावेज जब्त किये।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार तड़के ईडी की टीमें लखनऊ, वाराणसी, रांची, अहमदाबाद, जौनपुर और सहारनपुर में सक्रिय हुईं। लखनऊ में एजेंसी ने इस सिंडिकेट से जुड़े माने जा रहे निलंबित एसटीएफ कांस्टेबल अलोक प्रताप सिंह के आलीशान आवास पर लंबी तलाशी ली। सुशांत गोल्फ सिटी स्थित घर से अधिकारी कई संदिग्ध दस्तावेज, बैंक लेनदेन रिकॉर्ड, डिजिटल डिवाइस और कथित हवाला कनेक्शन से जुड़े कागजात अपने कब्जे में ले गए। आलोक प्रताप सिंह इस समय एसटीएफ की हिरासत में है।

उधर, इसी मामले में एक दिन पहले पुलिस ने भगोड़े चल रहे दीपक मनवानी के दो साथियों सूरज मिश्रा और प्रीतम सिंह को गिरफ्तार किया। मनवानी को 11 अक्टूबर को ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त छापेमारी में बड़ी मात्रा में कोडीन सिरप, टैबलेट, कैप्सूल और इंजेक्शन के साथ पकड़ा गया था। एसीपी कृष्णा नगर रजनीश वर्मा ने बताया कि पूछताछ में मनवानी ने स्वीकार किया था कि अवैध दवायें वह सूरज और प्रीतम से खरीदकर नशेड़ियों को बेचता था। उनका एक अन्य सहयोगी अरुष सक्सेना अभी भी फरार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *