State, Uttar Pradesh, हिंदी न्यूज़

लखनऊ में भीषण आग से झोपड़ियां खाक, उपमुख्यमंत्री ने जांच के दिए आदेश

लखनऊ में भीषण आग से झोपड़ियां खाक, उपमुख्यमंत्री ने जांच के दिए आदेश

TIL Desk लखनऊ:👉उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर में बुधवार को भीषण आग लगने से कई झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। आग इतनी भयावह थी उसकी लपटों से पूरा इलाका दहल उठा और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक देखा गया। अधिकारियों के अनुसार, विकास नगर सेक्टर-12 स्थित रिंग रोड किनारे खाली पड़े भूखंड पर बसी झुग्गी बस्ती में आग लगी। शुरुआती तौर पर आग एक झोपड़ी से शुरू हुई और देखते ही देखते तेज हवा के कारण पूरे इलाके में फैल गई।

आग ने कई झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे हजारों लोग प्रभावित हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद बस्ती में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की करीब 20 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात में आग पर आंशिक रूप से काबू पाया जा सका। घटना के बाद मौके पर पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें तैनात कर दी गईं।

राहत एवं बचाव कार्य जारी है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने घटना स्थल का जायजा लेते हुए कहा कि आग बुझाने के लिए सभी संसाधन लगाए गए हैं और घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने आग लगने के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि लखनऊ के विकास नगर में आग लगने की अत्यंत दु:खद एवं हृदयविदारक सूचना प्राप्त होने पर तत्काल घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करते हुए प्रशासनिक व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को घायल हुए लोगों को त्वरित बेहतर इलाज उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी नेता मोहम्मद इखलाक भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। फिलहाल मौके पर राहत और पुनर्वास कार्य जारी है, प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि दोनों ही प्रभावित लोगों की सहायता में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *