Entertainment, State, Uttar Pradesh, हिंदी न्यूज़

संतुलन और अनुशासन का नाम है अपने आप को फिट रखना!

संतुलन और अनुशासन का नाम है अपने आप को फिट रखना!

TIL Desk यूपी:👉 सर्दियों की ठिठुरती सुबहें और शूटिंग के पहले कॉल टाइम- ऐसे में फिटनेस रूटीन बनाए रखना आसान नहीं होता। इसके बावजूद एण्डटीवी के कलाकार अपने रोज़मर्रा के छोटे-छोटे प्रयासों से खुद को फिट और चुस्त बनाए हुए हैं।

‘घरवाली पेड़वाली‘ में जीतू का किरदार निभा रहे पारस अरोड़ा कहते हैं, ‘‘सर्दियों में सुबह जल्दी उठना मुश्किल ज़रूर है, लेकिन जब फिटनेस आदत बन जाती है तो शरीर खुद ही एक्टिव रहना चाहता है। मैं रोज़ कम से कम 20 मिनट स्ट्रेचिंग और हल्की कसरत के लिए ज़रूर निकालता हूँ। पुश-अप्स, स्क्वैट्स और प्लैंक जैसी एक्सरसाइज़ शरीर की जकड़न दूर कर देती हैं। मेरे लिए फिटनेस सिर्फ़ शरीर को शेप में रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मन को अच्छा महसूस कराने और लंबे शूटिंग शेड्यूल के लिए खुद को मानसिक रूप से तैयार रखने का ज़रिया भी है।‘‘

‘हप्पू की उलटन पलटन‘ में मलाइका की भूमिका निभा रहीं सोनल पंवार बताती हैं, ‘‘मैं घर पर ही छोटा-सा वर्कआउट करती हूँ, जिसमें कार्डियो, कोर एक्सरसाइज़ और थोड़ा योग शामिल होता है। मुझे अपनी एक्सरसाइज़ के साथ म्यूज़िक जोड़ना बहुत पसंद है। कई बार तो मैं बस दस मिनट डांस कर लेती हूँ-मज़ेदार भी होता है और दिल की धड़कन भी तेज़ हो जाती है। इसके अलावा, गुनगुने पानी में शहद-नींबू पीने की मेरी आदत कभी नहीं छूटती, जो शरीर को डिटॉक्स करने और मेटाबॉलिज़्म के लिए फायदेमंद है। मेरे लिए फिटनेस का मतलब है खुद को मज़बूत, सकारात्मक और आत्मविश्वास से भरा महसूस करना।’’

‘भाबीजी घर पर हैं‘ में विभूति नारायण मिश्रा की भूमिका निभा रहे आसिफ शेख का कहना है, ‘‘फिटनेस को लेकर अक्सर लोगों की सोच सीमित होती है। मेरे लिए फिटनेस संतुलन और अनुशासन का नाम है। मेरी सुबह योग, प्राणायाम और हल्की स्ट्रेचिंग से शुरू होती है, जिससे शरीर लचीला रहता है और मन शांत रहता है। मैं खानपान को लेकर भी सजग रहता हूं। घर का बना खाना, मौसमी फल और ठंड के मौसम में भी पर्याप्त मात्रा में पानी पीने को मैं प्राथमिकता देता हूं। क्योंकि छोटी-छोटी ये आदतें ही सबसे बड़ा फर्क पैदा करती हैं।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *