TIL Desk लखनऊ:
विकास नगर के भीषण अग्निकांड में जिसे जहां जगह मिली, वह जान बचाने के लिए भागा। इस भगदड़ में दो परिवार के छह बच्चे लापता हो गए। एक परिवार के चार और दूसरे के दो बच्चे हैं। पुलिस-प्रशासन बच्चों की तलाश में रात तक जुटा रहा। आसपास के मोहल्लों में भी बच्चों की तलाश की जा रही है।
लखनऊ में बुधवार शाम साढ़े 5 बजे भीषण आग लग गई। विकासनगर इलाके में लगी इस आग से 100 से ज्यादा सिलेंडर फट गए। 1200 से ज्यादा झुग्गी-झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। करीब 10 किलोमीटर दूर तक आग की लपटें देखी गईं। आग लगने के बाद आसपास के करीब 20 मकानों को खाली करा लिया गया।
फायर ब्रिगेड की 20 गाड़ियों ने करीब 3 घंटे बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान इलाके की लाइट काट दी गई। सारा सामान जलकर राख हो गया। जिनकी झोपड़ियां जलीं, वो लोग रोते-बिलखते रहे। कुछ लोगों का आरोप है कि जानबूझकर आग लगाई गई है।
सीएम योगी ने आग की घटना का संज्ञान लेते हुए अफसरों को तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से तेजी से बचाव कार्य करने के आदेश दिए।
