State, Uttar Pradesh, हिंदी न्यूज़

लखनऊ अग्निकांड: 15 लोगों की मौत मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने शुरू की विस्तृत जांच

लखनऊ अग्निकांड: 15 लोगों की मौत मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने शुरू की विस्तृत जांच

TIL Desk लखनऊ:👉लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र में हुए अग्निकांड में पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस हादसे में कुल 15 लोगों की मौत हुई, जबकि 9 लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार को थाना अलीगंज क्षेत्र की चौकी पुरनिया अंतर्गत सेक्टर-डी कॉलोनी स्थित लालबत्ती यूपीएससी भवन के पीछे एक बिल्डिंग में हुई। आग लगने और धुआं भर जाने के कारण कई लोग अंदर फंस गए थे। कुछ लोग जान बचाने के लिए भवन से नीचे कूद गए, जिससे वे घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस आयुक्त लखनऊ, संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था), संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय), पुलिस उपायुक्त उत्तरी, अपर पुलिस उपायुक्त उत्तरी, सहायक पुलिस आयुक्त अलीगंज समेत स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। इसके अलावा फायर सर्विस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत और बचाव अभियान चलाया। राहत कार्य के दौरान फंसे हुए लोगों और घायलों को सुरक्षित निकाला गया और उन्हें केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।

आग पर काबू पाने और मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया गया। इस मामले में थाना अलीगंज में भवन मालिक, प्रतिष्ठान संचालकों और अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है और भवन संचालन, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, फायर एनओसी और अन्य वैधानिक अनुमतियों की जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में भवन मालिक वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला, गेमिंग जोन के संचालक/डायरेक्टर तुषांक कृष्ण जायसवाल, आईटी नेटवर्किंग का काम करने वाले सुरेश कुमार साहू और पेटशॉप मालिक राम कृष्ण उपाध्याय शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और घटना के लिए जिम्मेदार अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *