TIL Desk लखनऊ (बंथरा):
बंथरा स्थित प्रसाद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ में छात्रों ने संस्थान प्रशासन के विरुद्ध प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन द्वारा लागू किए गए नियमों के कारण उन्हें कॉलेज परिसर से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों के अनुसार, किसी भी आवश्यक कार्य, पारिवारिक कारण अथवा व्यक्तिगत जरूरत के लिए भी पास जारी नहीं किया जा रहा है। छात्रों का दावा है कि कई मामलों में अभिभावकों द्वारा अनुरोध किए जाने के बावजूद भी अनुमति नहीं दी गई। इतना ही नहीं, लखनऊ के स्थानीय छात्रों को भी अपने घर जाने की अनुमति नहीं मिलने का आरोप लगाया गया है।
छात्रों का कहना है कि अत्यधिक प्रतिबंधात्मक व्यवस्था के कारण वे मानसिक तनाव और असुविधा का सामना कर रहे हैं। उनका आरोप है कि यह व्यवस्था उनकी व्यक्तिगत स्वतंत्रता एवं सामान्य छात्र जीवन को प्रभावित कर रही है।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कॉलेज प्रशासन से मांग की कि परिसर से बाहर जाने संबंधी नियमों की पुनः समीक्षा की जाए तथा आवश्यक परिस्थितियों में छात्रों को उचित अनुमति एवं पास जारी किए जाएं।
समाचार लिखे जाने तक कॉलेज प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी। प्रशासन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
