TIL Desk लखनऊ:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर, उप्र सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने पेट्रोल-डीजल की बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग किया।
उन्होंने नई दिल्ली से मेरठ तक की यात्रा मेट्रो और नमो भारत ट्रेन (रैपिड रेल) से की, जिससे आम जनता को ऊर्जा संरक्षण और सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।
मंत्री अग्रवाल ने इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधे मेट्रो स्टेशन का रुख किया और मेट्रो से सराय काले खां रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां से उन्होंने नमो भारत ट्रेन द्वारा मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन तक यात्रा की।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन अपनाने से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी और भविष्य की पीढ़ियों के लिए संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सकेगा।
उन्होंने युवाओं, कर्मचारियों, छात्रों और आम नागरिकों से छोटी एवं नियमित यात्राओं में मेट्रो, बस और रैपिड रेल जैसी सुविधाओं का अधिक उपयोग करने की अपील की।
