TIL Desk लखनऊ:
राजधानी लखनऊ मे पारा थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे बदमाश की गिरफ्तारी न होने पर न्यायालय के आदेश के बाद कड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार दोपहर पूरे गांव में डुगडुगी पिटवाकर मुनादी कराई और आरोपित के घर पर धारा 84 की नोटिस चस्पा की।
जानकारी के अनुसार, जलालपुर गांव निवासी शिवा ठाकुर पुत्र राजकुमार उर्फ पप्पू के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज है। वर्ष 2025 में चार्जशीट दाखिल होने के बाद से ही आरोपित फरार चल रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश देती रही, लेकिन शिवा ठाकुर हाथ नहीं आया।
इसी पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, लखनऊ ने उसके खिलाफ दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 82 के तहत कार्रवाई करने का आदेश जारी किया। आदेश के अनुपालन में पारा थाने की पुलिस रविवार दोपहर करीब 2 बजे गांव पहुंची और डुगडुगी पिटवाकर पूरे गांव में मुनादी कराई। इसके बाद परिजनों की मौजूदगी में आरोपित के घर पर नोटिस चस्पा किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इसके बाद भी आरोपित कोर्ट में हाजिर नहीं होता या गिरफ्तार नहीं किया जाता, तो उसके घर की कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान पारा थाने के राजू सिंह, जलालपुर चौकी इंचार्ज गौरव सिंह, भारत सिंह और हेड कांस्टेबल जीतेंद्र सिंह सहित पुलिस टीम मौजूद रही।
