TIL Desk लखनऊ:
लखनऊ में 4 साल के मासूम की संदिग्ध मौत! परिजनों का आरोप– सौतेली मां और पिता ने करंट देकर मार डाला’ | मौसी बोलीं- मेरे 4 साल के भांजे को उसके पिता भीष्म खरबंदा और सौतेली मां रागिनी ने मिलकर मार डाला। वे उसे अक्सर करंट लगाते थे। पीटते थे। अब दोनों ने उसे अपने रास्ते से हटा दिया। मैं और मां (बच्चे की नानी) जब भी उससे मिलने जाते थे, उसके शरीर पर नई चोट के निशान दिखते थे। इस बार तो उसे बाथरूम में ही पीटकर मार डाला।’ ये कहना है, लखनऊ में 4 साल के मासूम अर्नव (गुग्गू) की मौसी काजल का।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राजधानी के चौक इलाके में गुरुवार शाम 4 साल के अर्नव की मौत हो गई। बच्चे के शरीर पर कई जगह चोट और पिटाई के निशान मिले हैं। ननिहाल वालों ने उसके पिता और सौतेली मां पर टॉर्चर कर हत्या करने का आरोप लगाया। चौक पुलिस को इसके लिए लिखित शिकायत दी है।
मृतक की नानी सुधा के अनुसार, चौक के लाजपतनगर में भीष्म खरबंदा रहते हैं। करीब 5 साल पहले उनकी उन्नाव शुक्लागंज के सहजनगर की स्वाति कश्यप से शादी हुई। दोनों के एक लड़का हुआ। लकड़े के पैदा होने के कुछ ही महीने बाद स्वाति की मौत हो गई। हालांकि, मायके वालों का आरोप है कि भीष्म ने स्वाति को प्रताड़ित कर मार डाला था।
स्वाति के बाद भीष्म ने रागिनी से दूसरी शादी कर ली। रागिनी से भी दो बच्चे हो गए हैं। दूसरी शादी के बाद से ही भीष्म ने अपने पहले बेटे अर्नव को मारना-पीटना शुरू कर दिया। पिता और सौतेली मां ने बच्चे को पीटना शुरू किया और उसकी हत्या कर दी। भीष्म पेशे से वकील हैं। इसके अलावा केजीएमयू के सामने फोटोस्टेट की दुकान भी है।
बच्चे की मौसी काजल कश्यप ने बताया कि स्वाति की मौत के बाद उनका भांजा अर्नव उर्फ गुग्गू ननिहाल में ही रह रहा था। बहन की मौत के बाद भांजे को प्रताड़ित होने के डर से हम अपने साथ ही रखते थे। 3 साल तक ननिहाल में ही रहा। भीष्म ने वकील होने के चलते कोर्ट से यह आदेश कराने में सफल रहा कि अर्नव को अपने घर ले जाए। उसके बाद वह घर ले आया।
* बाथरूम में गिरकर मौत की सूचना दी*
काजल ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 4:00 बजे भीष्म की पत्नी रागिनी ने फोन कर सूचना दी कि अर्नव को दस्त और उल्टी हो रही थी और वह बाथरूम में गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर ननिहाल पक्ष मौके पर पहुंचा।
वहां पहुंचकर देखा कि अर्नव के माथे, बाईं कनपटी, सीने, हाथ और कॉलर के पास पिटाई के निशान हैं। इस वजह से करंट लगाकर हत्या की आशंका होने पर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। बच्चे की नानी सुधा कश्यप ने भीष्म और उसकी दूसरी पत्नी रागिनी पर हत्या का आरोप लगाते हुए चौक थाने में लिखित शिकायत दी है। इंस्पेक्टर चौक नागेश उपाध्याय ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बच्चे के मामा रोहित ने बताया कि अर्नव के जन्म के छह महीने बाद ही उसकी मां स्वाति की मौत हो गई थी। इसके बाद से बच्चा ननिहाल में ही रह रहा था। पत्नी की मौत के करीब एक साल के अंदर ही भीष्म ने दूसरी शादी रागिनी से कर ली थी। रागिनी से उसके दो बच्चे हैं।
डीसीपी वेस्ट ने बताया कि दिनांक 12 मार्च को थाना चौक में सूचना प्राप्त हुई जिसमें सुधा कश्यप नाम की महिला द्वारा बताया गया उनका नाती जो 4 वर्ष का है लाजपत नगर थाना चौक में रहता है उसके पिता और उसकी सौतेली मां ने मिलकर नाती की कर दी है | इस बात पर तत्काल मौके पर इंस्पेक्टर चौक और फॉरेंसिक टीम पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया | और तत्काल लिखित तहरीर पर संबंधित धाराओ में मुकदमा दर्ज किया गया और जांच के उपरांत जो पिता है उसको और सौतेली मां को गिरफ्तार कर न्यायिक जांच में भेजा गया ।
बाइट:: विश्वजीत श्रीवास्तव(डीसीपी वेस्ट)
