- महिला शक्ति और एआई का संगम — भारत की पहली एआई-लाइव एक्शन महिला सुपरहीरो फिल्म ‘बिजुरिया’ अप्रैल से शुरू करेगी भव्य फिल्मांकन
- लखनऊ की सुप्रसिद्ध अभिनेत्री कंचन अवस्थी फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रही हैं, चर्चित निर्देशक शारिब रजा इसके निर्देशन की कमान संभाल रहे हैं, जबकि इंडियन फिल्म अकादमी के सह-संस्थापक दिनेश सहगल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते नजर
TIL Desk लखनऊ:
राजधानी लखनऊ में आज भारत की पहली एआई-लाइव एक्शन संयुक्त महिला सुपरहीरो फिल्म “बिजुरिया” का आधिकारिक टीज़र लॉन्च भव्य रूप से संपन्न हुआ। यह फिल्म एक साधारण लड़की दिव्या की असाधारण यात्रा की कहानी है, जो आत्मविश्वास की कमी और सामाजिक भेदभाव से जूझते हुए अपनी पहचान तलाशती है।
फिल्म उन महिलाओं की हकीकत को उजागर करती है, जो रोज़ाना उत्पीड़न और भेदभाव का सामना करती हैं। कहानी में दिव्या की मुलाकात तेज नाम की एक बहादुर और वैज्ञानिक सोच रखने वाली युवती से होती है, जो उसकी जिंदगी बदल देती है। यह मुलाकात दिव्या को एक अनोखी सुपरहीरो में परिवर्तित कर देती है, जो समाज में व्याप्त कुरीतियों और अपराध के खिलाफ खड़ी होती है तथा महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल पेश करती है।
फिल्म के निर्देशक शारिब रजा ने बताया कि “बिजुरिया” महिला सशक्तिकरण को एक नए और आधुनिक अंदाज़ में प्रस्तुत करेगी। उन्होंने कहा कि एआई तकनीक और लाइव-एक्शन के संयोजन से यह फिल्म भारतीय सिनेमा में एक नई दिशा स्थापित करेगी।
फिल्म में मुख्य भूमिका लखनऊ की प्रतिभाशाली अभिनेत्री कंचन अवस्थी निभा रही हैं। थिएटर से अपने अभिनय करियर की शुरुआत करने वाली कंचन ने गन वाली दुल्हनिया, भूत वाली लव स्टोरी, चापेकर ब्रदर्स तथा टीवी सीरियल अम्मा में अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बनाई है। कंचन ने कहा कि “बिजुरिया” उनके करियर की सबसे अलग और खास फिल्म है। उन्होंने साझा किया कि शुरुआती दौर में परिवार ने बाहर जाकर काम करने की अनुमति नहीं दी थी, लेकिन उनके जुनून और मेहनत ने सबका नजरिया बदल दिया। आज उनका परिवार उनका सबसे बड़ा सहारा है।
कार्यक्रम में इंडियन फिल्म अकादमी के सह-संस्थापक दिनेश सहगल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने फिल्म की परिकल्पना और विषयवस्तु की सराहना करते हुए कहा कि “बिजुरिया” तकनीकी नवाचार और महिला सशक्तिकरण का सशक्त संगम है।
निर्माताओं ने जानकारी दी कि फिल्म की शूटिंग 1 अप्रैल 2026 से शुरू होगी। कुल 30–35 दिनों का शूटिंग शेड्यूल निर्धारित है, जिसमें अत्याधुनिक एआई तकनीक का उपयोग किया जाएगा। उत्तर प्रदेश में लगभग 20 दिनों तक फिल्मांकन होगा। लखनऊ, आगरा एवं अन्य प्रतिष्ठित स्थानों पर फिल्म के महत्वपूर्ण दृश्य शूट किए जाएंगे।
फिल्म का निर्माण फुल फ्रेम फिल्म्स और जय श्री माधव क्रिएशन्स के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। निर्माताओं के अनुसार, फिल्म की शूटिंग दिसंबर 2026 तक पूर्ण कर ली जाएगी और उसी अवधि में रिलीज की तैयारी की जाएगी।“बिजुरिया” केवल एक सुपरहीरो फिल्म नहीं, बल्कि बेटियों को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने का संदेश देने वाली प्रेरणादायक कहानी है।
