TIL Desk लखनऊ:
यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के छह दिवसीय विशेष ट्रॉफी टूर अभियान की शुरुआत शुक्रवार को सीतापुर रोड स्थित एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस से हुई। लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आईपीएल स्टार समीर रिजवी और उत्तर प्रदेश रणजी टीम के कप्तान आर्यन जुयाल ने छात्रों से संवाद कर उन्हें सफलता के गुर बताए।
कार्यक्रम में संस्थान के वाइस चेयरमैन पीयूष सिंह चौहान ने अतिथियों का स्वागत किया। संवाद सत्र में समीर रिजवी ने अपने क्रिकेट सफर के शुरुआती दिनों को याद करते हुए बताया कि उनका पहला बैट घर की थापी था। उन्होंने कहा कि टीम की सफलता के लिए सामूहिक रणनीति जरूरी होती है। चेन्नई सुपर किंग्स में महेंद्र सिंह धोनी से मिली सीख का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दबाव के समय शांत रहकर ही बेहतर फैसले लिए जा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को तनाव की स्थिति में गहरी सांस लेकर खुद को संयमित रखने की सलाह भी दी।
गोरखपुर लायंस के कप्तान आर्यन जुयाल ने कहा कि 16-17 वर्ष की उम्र में विकेटकीपिंग शुरू करने के बाद उनके क्रिकेट करियर को नई दिशा मिली। उन्होंने छात्रों से लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
डॉ. संजय कपूर ने कहा कि राजीव शुक्ला के विजन से शुरू हुई यूपी टी-20 लीग आज देश की प्रमुख घरेलू क्रिकेट लीगों में अपनी पहचान बना चुकी है। उन्होंने इसे देश की सबसे बड़ी घरेलू क्रिकेट लीग बनाने का लक्ष्य दोहराया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने खिलाड़ियों से खेल, करियर और जीवन से जुड़े सवाल पूछे तथा ट्रॉफी के साथ तस्वीरें खिंचवाने और सेल्फी लेने को लेकर उत्साह दिखाया।
