State, Uttar Pradesh, हिंदी न्यूज़

सपा में जिम्मेदारी मिलने का इंतजार : शिवपाल यादव

सपा में जिम्मेदारी मिलने का इंतजार : शिवपाल यादव

संभल डेस्क/ प्रगतिशील समाजवादी पार्टी-लोहिया (प्रसपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की जसवंतनगर सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि उन्हें सपा में खुद को कोई जिम्मेदारी दिए जाने का इंतजार है। संभल के एचोंडा कमबोह में आयोजित कल्कि महोत्सव से इतर मंगलवार रात संवाददाताओं से बातचीत में इस सवाल पर कि उन्हें क्या बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी, शिवपाल ने कहा, “हमें जिम्मेदारी मिलने का इंतजार है। इंतजार है, देखिए।”

उन्होंने कहा, “अभी नेता जी (सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव) के जाने के बाद हम लोग शोक में हैं। इस महीने नेता जी का जन्मदिन (22 नवंबर) भी आने वाला है, जो हम हर साल मनाते थे।” मुलायम के निधन के बाद शिवपाल अपने भतीजे अखिलेश यादव के काफी करीब नजर आए थे। इसके बाद माना जा रहा था कि दोनों गोला गोकर्णनाथ विधानसभा उपचुनाव के स्टार प्रचारकों में शामिल होंगे, मगर ऐसा नहीं हुआ।

शिवपाल और अखिलेश के बीच सितंबर 2016 में सरकार और संगठन पर वर्चस्व की जंग शुरू हो गई थी। इसके बाद पार्टी दो खेमों में बंट गई थी। हालांकि, एक जनवरी 2017 को सपा के आपात अधिवेशन में अखिलेश को मुलायम के स्थान पर पार्टी का नया अध्यक्ष चुना गया था। अखिलेश की स्थिति मजबूत होने के बाद शिवपाल पार्टी में हाशिये पर पहुंच गए थे। वर्ष 2018 में उन्होंने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी-लोहिया के नाम से एक अलग पार्टी बनाई थी और 2019 में फिरोजाबाद लोकसभा सीट पर सपा प्रत्याशी अक्षय यादव के खिलाफ चुनाव भी लड़ा था। हालांकि, वह जीत नहीं सके थे, मगर अक्षय यादव को भी हार का सामना करना पड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *