Home, हिंदी न्यूज़

क्रिकेट से संन्यास के बाद भाजपा में शामिल हो सकते हैं महेंद्र सिंह धोनी

क्रिकेट से संन्यास के बाद भाजपा में शामिल हो सकते हैं महेंद्र सिंह धोनी

रांची डेस्क/ क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद राजनीति की पिच पर अपनी पारी की शुरुआत कर सकते हैं। कहा जा रहा है कि क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद वह भाजपा का दामन थामेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री संजय पासवान ने दावा किया कि धोनी भाजपा में शामिल हो सकते हैं। भाजपा नेता ने कहा, ‘इस संबंध में उनसे काफी समय से बातचीत चल रही है। हालांकि, यह फैसला एमएस धोनी के संन्यास के बाद ही लिया जाएगा।’

भाजपा नेता संजय पासवान ने कहा, ‘धोनी मेरे मित्र हैं। वर्ल्ड फेम खिलाड़ी हैं। ऐसे में उनसे भाजपा में आने के लिए बातचीत हुई है।’ गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने लोकसभा चुनाव से पहले ‘संपर्क फॉर समर्थन’ अभियान के दौरान धोनी से मुलाकात की थी। तभी से ये अटकलें तेज है कि धोनी भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

उधर, क्रिकेट विश्व कप के सेमीफाइनल मैच में भारतीय टीम के हारकर बाहर हो जाने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास की खबरें एक बार फिर हवा में तैरने लगी हैं। झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले धोनी के विषय में कहा जा रहा है कि क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद भाजपा में शामिल होकर राजनीतिक पारी शुरू करेंगे।

इस बीच, हालांकि झारखंड का कोई भी नेता खुलकर कुछ नहीं बोल रहा है। भाजपा के एक नेता ने नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर कहा, ‘धोनी का भाजपा के कई नेताओं से व्यक्तिगत संपर्क है। अगर वे भाजपा में शामिल होते हैं, तो कोई बड़ी बात नहीं है।’ धोनी के संन्यास और राजनीतिक पारी की शुरुआत की अटकलें जहां तेज हैं, वहीं इस मुद्दे पर धोनी ने अभी तक कुछ नहीं कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *