Home, State, Uttar Pradesh, हिंदी न्यूज़

नई औद्योगिक नीति के जरिये युवाओं को मिलेगा रोजगार : योगी

नई औद्योगिक नीति के जरिये युवाओं को मिलेगा रोजगार : योगी

लखनऊ डेस्क/ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति के जरिये प्रदेश में लगने वाली इकाइयों से करीब दस लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके अलावा सरकार भी जल्दी ही पूरी पारदर्शिता के साथ चार लाख नौकरियां देगी। भाजपा के महापौर व पार्षद पद के प्रत्याशियों के समर्थन में मुख्यमंत्री ने गुरुवार शाम पहले सरोजनी नगर और फिर सुभाष मार्ग पर जनसभाओं को संबोधित किया।

योगी ने कहा कि जाति, वंश और परिवार की राजनीति को जनता नकार चुकी है। बिना भेदभाव के सबका विकास करने वाली भाजपा उसे स्वीकार्य है। अब राजनीति में वही टिकेगा जो विकास करके दिखाएगा। बकौल मुख्यमंत्री, अब केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकारों के नाते बेहतर तालमेल है। यह और बेहतर हो जाएगा अगर नगर निकाय भी भाजपा के हों। ऐसा होने पर हम नगर निकायों में अपनी मंशा के अनुसार सक्षम और जवाबदेह बोर्ड देंगे। विकास के पैसों की बंदरबांट रुकेगी। जनता को उसके हक के अनुसार बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी। इस मौके पर उन्होंने शहीदी दिवस पर गुरु तेगबहादुर को भी याद किया।

प्रदेश अध्यक्ष डा.महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की पहले की सरकारों की एक मात्र उपलब्धि भ्रष्टाचार थी। इनके लिए देश और प्रदेश नहीं सिर्फ अपना और अपनों का विकास ही सर्वोपरि था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अपना कोई परिवार नहीं है। इनके लिए पूरा देश और प्रदेश ही परिवार है। इनके पास कोई आनंद या गायत्री नहीं है। यही भाजपा और अन्य दलों का अंतर है। अब लोग ऐसे तत्वों से किनारा करने लगे हैं। लालू यादव से मिलकर भाजपा के खिलाफ चुनाव लडऩे वाले नितीश कुमार को जब गलती का अहसास हुआ तो भाजपा से आ मिले। प्रदेश अध्यक्ष ने बदले माहौल में लोगों से भाजपा के समर्थन की अपेक्षा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *