Punjab & Haryana, State

15 अगस्त को लुधियाना में भव्य समारोह, मंत्री हरपाल चीमा फहराएंगे तिरंगा

लुधियाना.

आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लुधियाना में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। पंजाब के वित्त, योजना, आबकारी व कराधान और परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी के मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

ध्वजारोहण के बाद वे परेड का निरीक्षण करेंगे और जिलावासियों को संबोधित करेंगे। समारोह के सुचारू आयोजन को लेकर डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने सोमवार को विभिन्न प्रशासनिक विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक अहम समीक्षा बैठक की। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय पर्व को पूरी देशभक्ति, अनुशासन और गरिमा के साथ मनाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूरे कर लिए जाएं। बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पेयजल, साफ-सफाई और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।

डिप्टी कमिश्नर ने नगर निगम को पी.ए.यू. मैदान और आसपास की सडक़ों पर विशेष सफाई अभियान चलाने तथा धूल रोकने के लिए पानी का छिडक़ाव करने के निर्देश दिए। इसके अलावा समारोह में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए अस्थायी व मोबाइल टॉयलेट भी स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही कमिश्नरेट पुलिस को सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल टीमें और एम्बुलेंस तैनात रहेंगी। डी.सी. हिमांशु जैन के मुताबिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों, परेड और अन्य प्रस्तुतियों को अंतिम रूप देने के लिए 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की जाएगी। डीसी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम कर समारोह को भव्य और यादगार बनाने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *