मोतिहारी
बिहार के मोतिहारी में एक तरफ पुलिस को खुली चुनौती देने वाला कुख्यात अपराधी, दूसरी तरफ उसकी तलाश में जुटी टीम और फिर गोलियों की तड़तड़ाहट के बीच खत्म हुई एक खौफनाक कहानी. लेकिन इस मुठभेड़ की सबसे दर्दनाक बात रही एक STF जवान की शहादत।
घटना सिर्फ एक एनकाउंटर नहीं थी, बल्कि उससे पहले की कहानी कहीं ज्यादा खतरनाक और चौंकाने वाली है. मुठभेड़ में मारे गए कुख्यात अपराधी कुंदन ठाकुर का एक ऑडियो अब सामने आया है, जिसने पुलिस और आम लोगों दोनों को हैरान कर दिया है. इस ऑडियो में कुंदन ठाकुर जिस बेखौफ अंदाज में पुलिस को धमकी देता सुनाई दे रहा है, वह बताता है कि उसका मनोबल किस कदर बढ़ा हुआ था. बताया जा रहा है कि यह ऑडियो मुठभेड़ से दो दिन पहले का है, जिसमें कुंदन ठाकुर ने चकिया के अपर थानाध्यक्ष को फोन कर सीधी चुनौती दी थी. उसने कहा था जहां मन करे जगह और समय तय कर लीजिए, मैं वहां पहले से मौजूद रहूंगा. 10 से 15 पुलिस वालों की लाशें गिरेंगी और आप लोग मुझे पकड़ भी नहीं पाएंगे।
यही नहीं, उसने पुलिस पर परिवार को परेशान करने का आरोप लगाते हुए यहां तक कह दिया कि अगर मेरे परिवार को तंग किया गया, तो मैं भी आपके परिवार वालों को नहीं छोड़ूंगा. बातचीत के दौरान उसकी आवाज में न डर था, न झिझक… बल्कि एक तरह की खुली चुनौती थी. ऑडियो में कुंदन ठाकुर बार-बार यह दोहराता है कि वह भागने वालों में नहीं है. उसने पुलिस से कहा अगर मुठभेड़ होगा तो हम भागेंगे नहीं, सामने से सामना करेंगे. जब पुलिस ने पूछा कि क्या वह धमकी दे रहा है, तो उसने जवाब दिया धमकी नहीं, सलाह दे रहे हैं।
पुलिस के रडार पर था चंदन
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कुंदन ठाकुर लंबे समय से पुलिस के रडार पर था. उसकी गतिविधियों को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही थी. इसी बीच पुलिस को उसके ठिकाने की पुख्ता जानकारी मिली, जिसके बाद देर रात एक विशेष टीम ने इलाके में नाकेबंदी कर दी. जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, वहां मौजूद अपराधियों ने बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई इस गोलीबारी में एक STF जवान गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. यह खबर मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई. अपने साथी को खोने के बाद भी पुलिस टीम पीछे नहीं हटी. आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें कुंदन ठाकुर समेत दो अपराधी मौके पर ही ढेर हो गए. इस पूरी कार्रवाई में कुछ समय के लिए पूरा इलाका गोलियों की आवाज से गूंजता रहा।
लगातार दे रहा था धमकी
पूर्वी चंपारण के एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि कुंदन ठाकुर लगातार पुलिस को धमकियां दे रहा था और उसे पकड़ने के लिए कई दिनों से प्रयास किए जा रहे थे. उन्होंने कहा कि जैसे ही पुलिस ने ठिकाने को घेरा, अपराधियों ने हमला कर दिया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी. एसपी के मुताबिक, इस कार्रवाई के दौरान जिस मकान में अपराधी छिपे थे, उसके मालिक उज्जवल कुमार और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है. उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अपराधियों को किस तरह शरण दी जा रही थी. घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जा रही है और आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
