Chhattisgarh, State

छत्तीसगढ़ में जच्चा-बच्चा की मौत पर बड़ी कार्रवाई, 2.5 महीने बाद अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज

भानुप्रतापपुर.

कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर स्थित गौतम अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। करीब ढाई महीने बाद अब पुलिस ने निजी अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई पीड़िता के पति की शिकायत और जांच के आधार पर की गई है।

17 मई को प्रसव के लिए एक गर्भवती महिला को भानुप्रतापपुर स्थित गौतम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान महिला और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की थी। मामले में पीड़िता के पति ने भानुप्रतापपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत और प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने गौतम अस्पताल के प्रबंधक डॉ. अनिल गौतम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूरे प्रकरण की विस्तृत विवेचना कर रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों और विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद क्षेत्र में एक बार फिर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस मामले में और किन लोगों की जिम्मेदारी तय होगी। अब सभी की निगाहें पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *