Bihar & Jharkhand, State

CM पद की रेस में नया मोड़: अशोक चौधरी का बयान—नौंवा फेल क्लेम करे तो निशांत क्यों पीछे?

पटना
नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद बनने के बाद बिहार में नए मुख्यमंत्री पर बयानबाजी तेज हो गई है। अब जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नेता एवं नीतीश के करीबी मंत्री अशोक चौधरी ने इसमें ट्विस्ट दे दिया है। उन्होंने संकेत दिए कि नीतीश के बेटे निशांत कुमार भी सीएम की रेस में हैं। निशांत ने पिछले दिनों ही राजनीति में कदम रखा और जेडीयू की सदस्यता ली थी। दूसरी ओर, चर्चा है कि नीतीश के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) बिहार में अपना पहला मुख्यमंत्री बना सकती है।

बिहार में 5 सीटों पर हुए राज्यसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद मंत्री अशोक चौधरी ने सोमवार शाम पटना में मीडिया से बातचीत की। इस दौरान पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि क्या नीतीश के बेटे बिहार में एनडीए की नई सरकार में डिप्टी सीएम बनेंगे? इसके जवाब में अशोक चौधरी ने कहा- निशांत कहीं भी जा सकते हैं, स्काई इज द लिमिट।

उन्होंने मीडिया से कहा कि आप निशांत को डिप्टी सीएम पर ही क्यों रोक रहे हैं, भविष्य में कहीं भी कुछ भी हो सकते हैं। जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या निशांत मुख्यमंत्री बनेंगे, तो अशोक चौधरी ने कह दिया- क्यों नहीं बन सकते हैं? मंत्री ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष एवं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी तंज कसा।

उन्होंने कहा, "नौंवा फेल अगर अपने आप को क्लेम कर सकता है प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के लिए, तो जो इंजीनियरिंग की पढ़ाई किया है वो क्यों नहीं क्लेम कर सकता है देश का प्रधानमंत्री बनने के लिए।" मंत्री ने यह भी दावा किया कि आने वाले समय में आरजेडी का एक भी एमएलसी नहीं करेगा। राज्यसभा चुनाव में आरजेडी कैंडिडेट एडी सिंह की हार पर उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पर जो व्यक्तिगत प्रहार करता है, तो जनता उन्हें उसी तरीके से जवाब देती है।

बता दें कि नीतीश कुमार ने पिछले दिनों राज्यसभा जाने का ऐलान किया। 16 मार्च को हुए चुनाव में वे राज्यसभा चुनाव जीत भी गए। अब वे आने वाले दिनों में सीएम पद से इस्तीफा देंगे और बिहार को नया मुख्यमंत्री मिलेगा। नीतीश के बाद एनडीए में बिहार का अगला सीएम कौन होगा, इस पर अटकलबाजी चल रही है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि भाजपा अपना मुख्यमंत्री बना सकती है, जबकि जेडीयू से किसी को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। नीतीश के राज्यसभा जाने के ऐलान के बाद उनके बेटे निशांत कुमार भी राजनीति में आ गए। चर्चा यह भी चल रही है कि अप्रैल में बनने वाली एनडीए की नई सरकार में निशांत को डिप्टी सीएम जैसा कुछ बड़ा पद मिल सकता है। निशांत पेशे से इंजीनियर हैं।

हालांकि, जेडीयू के अंदर निशांत कुमार को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने के लिए माहौल भी बनाया जा रहा है। निशांत जहां-जहां जा रहे हैं, वहां जेडीयू कार्यकर्ता उन्हें भावी सीएम के रूप में देख रहे हैं और नारेबाजी भी कर रहे हैं। अब मंत्री अशोक चौधरी के निशांत को लेकर आए बयान ने सूबे की सियासत में बिहार के नए सीएम की चर्चा में ट्विस्ट आ गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *