स्पोर्ट्स डेस्क/ ब्राजील की राष्ट्रीय फुटबाल टीम के कोच तिते ने जर्मनी के खिलाफ मिली जीत पर अपनी टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी टीम नेमार के बगैर जीतना सीख रही है। ब्राजील ने जर्मनी को दोस्ताना मैच में 1-0 से मात दी थी।
एक समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार रात खेले गए इस दोस्ताना मैच में ब्राजील के लिए एकमात्र गोल गेब्रिएल जीसस ने किया। साल 2014 विश्व कप टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जर्मनी ने ब्राजील को 7-1 से हराया था। ब्राजील ने दोस्ताना मैच की जीत के जरिए इस हार के प्रभाव को थोड़ा कम किया है।
तिते ने कहा, “हमारी टीम का सबसे शानदार खिलाड़ी बाहर है। टीम में नेमार की कमी खल रही है, लेकिन हम उनके बगैर मजबूती से खेलना सीख रहे हैं।”
नेमार वर्तमान में अपने पैर की सर्जरी से उबर रहे हैं। वह मई माह से पहले प्रशिक्षण की शुरुआत नहीं कर सकते। जर्मनी के कोच जोआकिम लोव ने मंगलवार के मैच के लिए कुछ मुख्य खिलाड़ियों को आराम दिया था।
