State, Uttar Pradesh, हिंदी न्यूज़

आईएससी एवं आईसीएससी बोर्ड परीक्षाओं में सीएमएस के छात्रों ने बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

आईएससी एवं आईसीएससी बोर्ड परीक्षाओं में सीएमएस के छात्रों ने बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड
  • नेशनल टॉप 3 रैंक में सी.एम.एस. के 43 छात्र आई.एस.सी. एवं आई.सी.एस.ई. बोर्ड परीक्षाओं में सी.एम.एस. छात्रों ने बनाया ऐतिहासिक रिकार्ड l
  • आई.एस.सी. में 8 छात्रों के 99.75 प्रतिशत अंक जबकि आई.सी.एस.ई में 2 छात्रों के 99.60 प्रतिशत अंक l

TIL Desk लखनऊ:👉 सिटी मोन्टेसरी स्कूल के मेधावी छात्रों ने इस वर्ष आई.एस.सी. एवं आई.सी.एस.ई. बोर्ड परीक्षाओं में अपने पिछले सभी रिकार्ड को ध्वस्त करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित कर पूरे देश में लखनऊ का नाम रोशन किया है। जहाँ एक ओर, सी.एम.एस. के 8 छात्रों ने आई.एस.सी. बोर्ड परीक्षा में 99.75 प्रतिशत अंक अर्जित कर इतिहास रचा है तो वहीं दूसरी ओर आई.सी.एस.ई. बोर्ड परीक्षा में 2 छात्रों ने 99.60 प्रतिशत अंक अर्जित कर अपने मेधात्व का परचम लहराया है। खास बात यह है कि इस वर्ष सी.एम.एस. के 43 छात्रों ने ऑल इण्डिया प्रथम, द्वितीय व तृतीय रैंक अर्जित कर नया इतिहास सृजित किया है जबकि 72 छात्रों ने 99 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित कर एक बार फिर साबित कर दिया है कि गुणात्मक शिक्षा के क्षेत्र में सिटी मोन्टेसरी स्कूल सर्वश्रेष्ठ है।

आई.एस.सी. (कक्षा-12) बोर्ड परिणाम में 99.75 प्रतिशत तक अंक अर्जित करने वाले सी.एम.एस. के 8 मेधावी छात्रों में वेदिका वत्स, त्वेशा गर्ग, समर्थ द्विवेदी, प्रणव सूरी, आशीष शुक्ला, श्रेया वर्मा, गौरिका लूथरा एवं आरुषी सिंह चौहान शामिल हैं। इसी प्रकार, आई.सी.एस.ई. (कक्षा-10) की बोर्ड परीक्षा में 99.60 प्रतिशत अंक अर्जित करने वाले छात्रों में आद्या चौहान एवं पलक राय शामिल हैं। आई.एस.सी. में सी.एम.एस. के 46 छात्रों ने जबकि आई.सी.एस.ई. में 26 छात्रों ने 99 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किये हैं।

इस वर्ष सी.एम.एस. से कुल 6856 छात्रों ने आई.एस.सी. एवं आई.सी.एस.ई. बोर्ड मेें प्रतिभाग किया, जिसमें से 3920 (57.2 प्रतिशत) छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक जबकि 1555 छात्रों (22.7 प्रतिशत) ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किये हैं।

सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स ऋषि खन्ना ने बताया कि आई.सी.एस.ई. एवं आई.एस.सी. बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से लेकर 99.75 प्रतिशत तक अंक अर्जित कर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले सिटी मोन्टेसरी स्कूल के 3920 मेधावी छात्रों को कल 1 मई, वृहस्पतिवार को प्रातः 9.00 बजे सी.एम.एस. गोमती नगर एक्सटेंशन कैम्पस ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य ‘सम्मान समारोह’ में सार्वजनिक तौर पर सम्मानित किया जायेगा। इससे पहले, प्रातः 8.00 बजे सी.एम.एस. के टॉपर छात्र ‘विक्ट्री मार्च’ निकालेंगे, जो कि गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित मकदूमपुर पुलिस स्टेशन से प्रारम्भ होकर सी.एम.एस. गोमती नगर एक्सटेंशन कैम्पस ऑडिटोरियम तक जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *