लखनऊ डेस्क/ सहारनपुर और गोण्डा के बाद संभल में भी कुछ लोगों के हंगामे के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गयी। पुलिस ने बताया कि नंदरौली गांव में कुछ लोगों ने यह कहते हुए हंगामा शुरू किया कि एक युवक दूसरे समुदाय की विवाहित महिला के साथ गायब है। कुछ लोगों ने कल गुन्नौर क्षेत्र में दूसरे समुदाय के एक सदस्य की मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त कर दी थी। दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे के खिलाफ एफआईआर की गयी है।
क्षेत्राधिकारी के अनुसार गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और जांच की जा रही है। कानून व्यवस्था का उल्लंघन करने की इजाजत किसी को नहीं होगी। गोण्डा में भी कल दो समुदाय के लोगों के बीच संघर्ष में चार लोग घायल हो गये थे। कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गये थे।
पुलिस के अनुसार तरबगंज क्षेत्र में उस समय तनाव हो गया जब कुछ लोगों ने एक युवक की पिटाई कर दी। इसके बाद दो समुदायों में संघर्ष हो गया, जिसमें चार लोग घायल हो गये। स्थिति नियंत्रण में करने के लिए भारी पुलिस बल मौके पर भेजा गया। पुलिस ने आज बताया कि इस सिलसिले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।