Sports, State, Uttar Pradesh, हिंदी न्यूज़

14 अगस्त से शुरू होगा यूपी टी-20 सीजन-4, पहली बार लखनऊ और कानपुर में होंगे मुकाबले

14 अगस्त से शुरू होगा यूपी टी-20 सीजन-4, पहली बार लखनऊ और कानपुर में होंगे मुकाबले

TIL Desk कानपुर:👉उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में यूपी टी-20 लीग के चौथे संस्करण के आयोजन को मंजूरी दे दी गई। इस बार लीग 14 अगस्त से 6 सितंबर 2026 तक आयोजित होगी। पहली बार प्रतियोगिता का आयोजन दो शहरों—लखनऊ और कानपुर—में किया जाएगा।

यूपीसीए ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा बीसीसीआई के उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार जताया। परिषद ने कहा कि दो शहरों में लीग के आयोजन से प्रदेश में क्रिकेट का विस्तार होगा और अधिक दर्शकों को प्रतियोगिता से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

टूर्नामेंट में कुल 34 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें 13 डबल हेडर और 8 सिंगल हेडर मैच दिवस शामिल हैं। पहला चरण लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होगा, जहां 22 मैच खेले जाएंगे। दूसरा चरण कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां 12 मुकाबले होंगे। उद्घाटन समारोह और पहला मैच लखनऊ में, जबकि फाइनल और समापन समारोह कानपुर में आयोजित किया जाएगा।

यूपी टी-20 सीजन-4 की मिनी ऑक्शन 24 जुलाई को आगरा में होगी। छह फ्रेंचाइजी के लिए 45 खिलाड़ियों के स्लॉट उपलब्ध रहेंगे। गवर्निंग काउंसिल ने रिटेंशन नियम, खिलाड़ी चयन प्रक्रिया, कैचमेंट एरिया मॉडल और मिनी ऑक्शन नियमों को भी मंजूरी दी। स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देने के लिए कैचमेंट एरिया व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना लगातार लीग के ब्रांड एंबेसडर बने रहेंगे। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए इस बार भी कुल तीन करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। विजेता टीम को एक करोड़, उपविजेता को 60 लाख रुपये दिए जाएंगे।

यूपीसीए ने इस बार “हर बाउंड्री, एक नई हरियाली” अभियान की भी घोषणा की है। इसके तहत टूर्नामेंट में लगने वाले प्रत्येक चौके और छक्के के बराबर संख्या में प्रदेश के विभिन्न जिलों में पौधारोपण कराया जाएगा। एसोसिएशन का कहना है कि लीग का उद्देश्य प्रदेश की उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने के साथ खेल को सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *