लखनऊ डेस्क/ लखनऊ के सांसद और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने यूपी के सीएम आदित्यनाथ की तारीफ की और कहा कि वो संकल्प पत्र के वादों को पूरा कर जनता को विकास की सौगात दे रहे हैं | अपने दो दिनों के दौरे पर लखनऊ पहुंचे राजनाथ सिंह ने ये बात निराला नगर में कार्यकर्ता धन्यवाद समारोह के दौरान कहा |
राजनाथ सिंह ने कहा कि आज देश में हर जगह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ हो रही है | हर जगह योगी-योगी की जयकार हो रही हैं | वो प्रदेश की जनता के लिए बहुत अच्छा काम कर रहे है | जनता का विश्वास पैदा हो रहा हैं | वहीं, राजनाथ सिंह ने भाजपा को सबसे विश्वसनीय राजनीतिक दल और नरेंद्र मोदी को सबसे विश्वसनीय प्रधानमंत्री बताया |
राजनाथ ने कहा कि आज कार्यकर्ताओं की मेहनत और मोदी के नेतृत्व की बदौलत यूपी, असम, मणिपुर व अरुणाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार है | उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है | वहीं कांग्रेस में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है | देश की जनता ने भी कांग्रेस मुक्त भारत बनाने का संकल्प ले लिया है |