TIL Desk लखनऊ:उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एक और मोर्चे का गठन हो गया है | भारतीय जनता पार्टी की सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में लोक मोर्चा का गठन हुआ है | नौ दलों को मिलाकर यह नया मोर्चा बना है | मोर्चे की तरफ से पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य को मुख्यमंत्री का चेहरा भी घोषित कर दिया गया है | हालांकि उत्तर प्रदेश में चुनाव से पहले कई बार मोर्चा का गठन हुआ लेकिन चुनाव आते-आते मोर्चे खुद ही बिखर चुके हैं |
पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रासाद मौर्य के नेतृत्व में नौ पार्टियों को साथ लेकर गुरुवार को लोक मोर्चा का गठन किया गया | इस मौके पर प्रेस कांफ्रेंस के दौरान स्वामी प्रसाद मौर्य ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर जमकर निशाना साधा | और कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो गई है | उत्तर प्रदेश में हिंदू और मुसलमान को आपस में लड़ाया जा रहा है | जनता को सिर्फ पांच किलो फ्री राशन पर ही छोड़ दिया गया है | किसी को रोजगार नहीं मिल रहा है | युवा बेरोजगारी हैं, परेशान हैं | जाति विशेष के लोग सरकार के संरक्षण में गुंडागर्दी कर रहे हैं | उन्होंने कई उदाहरण भी पेश किए | पुलिस की तानाशाही पर भी स्वामी प्रसाद मौर्य ने खड़ा प्रहार किया है | कहा कि प्रदेश में आतंक का नंगा नाच चल रहा है और सरकार आंखें मूंदे बैठी है | जनता की समस्याओं का निराकरण नहीं हो रहा है | यही सोचकर अब नौ पार्टियों को मिलाकर हमने लोक मोर्चा का गठन किया है | आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में लोक मोर्चा अपने प्रत्याशी उतारेगा और जनता के दुख दर्द को दूर करने का काम करेगा | लोक मोर्चा के साथ आई सभी पार्टियों ने स्वामी प्रसाद मौर्य को मुख्यमंत्री पद का दावेदार घोषित किया |
स्वामी प्रसाद मौर्य ने यह भी बताया कि मैंने पद का कोई लालच नहीं किया | MLA, MLC, नेता विरोधी दल, मंत्री, राष्ट्रीय महासचिव जैसे कोई भी पद हों, अगर वह आन्दोलन में बाधा बनता दिखाई दिया तो उसे त्याग दिया | प्रेस कांफ्रेंस में सरकार बनने पर सामाजिक न्याय, आर्थिक न्याय और राजनीतिक न्याय सुनिश्चित
करने के लिए हिस्सेदारी आधारित कॉमन मिनिमम प्रोग्राम के कुछ बिंदु बताये गए, जिसमे टिकट वितरण में, मंत्रिमंडल में, निजी क्षेत्र में, न्याय में और सभी नियुक्तियों में हिस्सेदारी, मुफ्त और एक समान शिक्षा, मुफ्त न्याय, मुफ्त चिकित्सा, मुफ्त सुरक्षा, SC/ST की तरह OBC और अल्पसंख्यक के लिए लोक सभा
और विधान सभाओ में आरक्षण, SC/ST/OBC और अल्पसंख्यक को राज्य सभा और विधान परिषदों में आरक्षण, यूनिवर्सल बेसिक इनकम की व्यवस्था, ओल्ड पेंशन स्कीम की बहाली की व्यवस्था की जाएगी |
इन पार्टियों ने मिलकर बनाया मोर्चा :
1. अपनी जनता पार्टी, राष्ट्रीय अध्यक्ष: स्वामी प्रसाद मौर्य
2. राष्ट्रीय समानता दल, राष्ट्रीय अध्यक्ष: मोती लाल शास्त्री
3. सम्यक पार्टी, राष्ट्रीय अध्यक्ष: डॉ राजामणि सुव्वैया राय, संस्थापक तपेन्द्र प्रसाद (पूर्व IAS)
4. जनसेवा दल, राष्ट्रीय अध्यक्ष: विनेश ठाकुर
5. पोलिटिकल जस्टिस पार्टी, राष्ट्रीय अध्यक्ष: राजेश सिद्धार्थ, संस्थापक डॉ बी पी अशोक (पूर्व IPS)
6. सर्वलोकहित समाज पार्टी, राष्ट्रीय अध्यक्ष: सत्य नारायण मौर्य
7. स्वतन्त्र जनता राज पार्टी, राष्ट्रीय अध्यक्ष: घनश्याम कोरी
8. सबका दल (U), राष्ट्रीय अध्यक्ष: प्रमोद लोधी
9. लोकतन्त्र सुरक्षा पार्टी, राष्ट्रीय अध्यक्ष: राजकुमार सैनी (पूर्व सांसद)