State, Uttar Pradesh, हिंदी न्यूज़

कहाँ गया एंटी रोमियो स्क्वॉड, विदेशियों से हो रही है छेड़छाड़

कहाँ गया एंटी रोमियो स्क्वॉड, विदेशियों से हो रही है छेड़छाड़

लखनऊ डेस्क/ उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को उप्र की योगी सरकार पर जमकर तंज कसा। अखिलेश ने कहा कि विदेशी पर्यटकों को सेल्फी लेने के लिए पीटा जा रहा है। उप्र का एंटी रोमियो स्क्वॉड कहां है। अखिलेश यादव ने फतेहपुर सिकरी में स्विस जोड़े की पिटाई के मामले में ये बातें कहीं। अखिलेश ने कहा, एंटी रोमियो स्क्वॉड का क्या हुआ। एक विदेशी युगल को फतेहपुर सिकरी में सेल्फी लेने के लिए पीटा गया। प्रदेश में अप्रत्याशित रूप से अपराध और लूट की घटनाओं में इजाफा हुआ है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है।

गौरतलब है कि स्विटजरलैंड के क्वेंटिन जेरेमी अपनी गर्लफ्रेंड मैरी ड्रोज के साथ 30 सितंबर को भारत घूमने आए थे। रविवार को दोनों फतेहपुर सीकरी रेलवे स्टेशन के नजदीक घूम रहे थे। दोनों सेल्फी ले रहे थे। इसी बीच कुछ लड़कों ने मैरी पर कमेंट किया और विदेशी जोड़े के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने गुरुवार को इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

सपा अध्यक्ष ने योगी द्वारा आज चलाए गए स्वच्छता अभियान पर तंज कसते हुए कहा, जो लोग ताजमहल को अपनी संस्कृति का हिस्सा और अपनी धरोहर नहीं मानते थे, भगवान राम ने क्या किया कि आज उन्हें उसी इमारत के पश्चिमी द्वार पर झाडू लगानी पड़ गई। अखिलेश ने कहा, ताजमहल परिसर में कुछ लोगों ने भगवा पहनकर पूजा की। यह लोग देश से पर्यटन को खत्म करना चाहते हैं। मैं चुनौती देता हूं कि भाजपा और उसके लोग ताजमहल को दुनिया की धरोहर इमारतों की सूची से हटवाकर दिखायें। पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने ताजमहल के आसपास सबसे ज्यादा काम किया, जबकि मौजूदा भाजपा सरकार ने इस इमारत से जुड़ी तमाम परियोजनाओं को रोक दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *